जुब्बल के मटासा गांव में हादसा, सेब की खाली ट्रे को लगाई थी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल के मटासा गांव में एक व्यक्ति की अपनी ही लगाई आग में झुलसने से मौत हो गई। नेपाल मूल के इस व्यक्ति ने सेब की खाली ट्रे में आग लगाई थी। एकाएक आग भड़क गई और इस आग की चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार, नेपाल के दैलेख जिला निवासी टोपिद्र कार्की कुछ समय से गांव मटासा में एक सेब बगीचे में काम कर रहा था। शुक्रवार शाम को टोपिद्र कार्की बगीचे में काम करने के बाद रसोईघर में गया। इसी दौरान उसने रसोई में पड़ी सेब की खाली ट्रे को इकट्ठा किया और बाहर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और टापिद्र कार्की के कपड़ों में आग लग गई। आग लगने के बाद वह किसी तरह कमरे की ओर गया। वहां अपना जला हुआ लोअर उतार दिया। इसके बाद वह पानी की मदद से आग बुझाने के लिए दोबारा रसोईघर की तरफ आया, लेकिन अत्यधिक झुलसने और दर्द के कारण वह बेसुध होकर गिर गया। गंभीर रूप से झुलसने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मृतक के भाई प्रेम कार्की ने पुलिस को दी। जुब्बल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सौंप दिया है।