रामपुर बुशहर। घराट क्षेत्र में क्वार्टर लौट रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना झाकड़ी में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मशनू निवासी श्याम लाल कश्यप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 अक्तूबर की रात करीब 11:20 बजे वह घराट से रांवी स्थित अपने क्वार्टर लौट रहे थे। इसी दौरान घराट की शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में काम करने वाले खेमराज शर्मा और शेरा ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करने के साथ उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक हमले में उनकी दोनों आंखों, मुंह, कान, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं है। उन्होंने बताया कि उन्हें मारपीट की वजह समझ नहीं आई। इसी बीच उनके काका भाई ने मौके पर पहुंचकर उन्हें हमलावरों से बचाया। पुलिस थाना झाकड़ी में रविवार सुबह शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।