ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग में पुलिस की टीम ने एक व्यक्ति को 70 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ठियोग के रहीघाट राजभवन निवासी सोहन लाल उर्फ हैप्पी अपनी दुकान से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी और दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से करीब 70 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी के तार किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं और मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से हो रही थी। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।