पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर पकड़ा आरोपी, आपराधिक केस दर्ज, काट चुका सजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर के महावीर मोहल्ला स्थित सुनार की दुकान से 12.5 ग्राम सोने की अंगूठी चोरी करके भागने वाला व्यक्ति पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पकड़ा है। आरोपी की पहचान दिनेश कुमार निवासी गांव ब्रेलंगी जिला किन्नौर के रूप में हुई है। वर्ष 2013 से पहले उस पर गंभीर आपराधिक केस दर्ज हुए हैं। वह एक मामले में सात साल की सजा भी काट चुका है। आरोपी व्यक्ति 27 अक्तूबर को महावीर मोहल्ला रामपुर स्थित एक सुनार की दुकान गया। वहां कहा कि उसे सोने की बड़ी अंगूठी खरीदनी है। सुनार ने उसे 12.5 ग्राम सोने की अंगूठी दिखाई, जिसकी कीमत करीब 1.78 लाख रुपये थी। इसके बाद उसने कहा कि कुछ और गहने खरीदने हैं। इस पर सुनार पीछे की ओर गहने लेने के लिए मुड़ा तो वह अंगूठी लेकर फरार हो गया। सुनार ने इसकी शिकायत रामपुर थाना में दर्ज करवाई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले और साक्ष्य एकत्रित किए। इसके आधार आरोपी की तलाश शुरू की गई। 48 घंटे के भीतर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। है। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया मामले में कार्रवाई की जा रही है।