रिकांगपिओ(किन्नौर)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि जिला के पूह, कल्पा और निचार खंड के विकास खंड अधिकारियों को संबंधित ब्लॉकों में पुनरीक्षण प्राधिकारी के रूप में नामित किया गया है। ये अधिकारी अपने-अपने ब्लॉकों में पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के सभी निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण करेंगे। साथ ही नामावली से संबंधित दावे और आपत्तियों का निपटारा करेंगे। निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 6 अक्तूबर को कर दिया गया था। ये नामावलियां जिला परिषद कार्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी, संबंधित विकास खंड कार्यालयों और पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध हैं। किसी मतदाता को नामावली में नाम, दावे और आपत्तियां दर्ज करवानी हों तो वह प्रपत्र 2, 3 या 4 में भरकर 3 नवंबर तक संबंधित पुनरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है। सभी दावे एवं आपत्तियां निर्धारित अवधि के भीतर ही स्वीकार की जाएंगी। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 13 नवंबर को किया जाएगा।