विहिप ने सत्य नारायण मंदिर में की पूजा-अर्चना और हवन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर रामपुर मुख्य बाजार स्थित सत्य नारायण मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान कार्यक्रम का आयेाजन किया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की ओर से संचालित ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया और खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री विष्णू शर्मा ने कहा कि देशभर में समरसता के प्रतिक के रूप में विहिप यह कार्यक्रम हर वर्ष देशभर में आयोजित करवाता है। मंगलवार को सत्य नारायण मंदिर रामपुर में हवन कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों ने भाग लिया। उसके बाद खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के मुख्य द्वार पर आम जनमानस के लिए खिचड़ी का भंडारा लगाया गया, जिसमें करीब 1500 से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शर्मा ने कहा कि ठाकुर सत्य नारायण मंदिर ट्रस्ट साल भर में इस तरह के कई सामाजिक आयोजन करता है, जिसमें कन्या विवाह, नि:शुल्क नेत्र रोग शिविर प्रमुख हैं। धार्मिक कार्यक्रमों में जन्माष्टमी और राम नवमी आदि कार्यक्रम विशेष रूप से मनाए जाते हैं।