भड़ेच में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता मुख्यातिथि के साथ। संवाद
भड़ेच में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। घुंडा भड़ेच पंचायत में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हिमरी पंचायत के पूर्व उप प्रधान प्रकाश शर्मा मौजूद रहे। समापन समारोह के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में यूथ क्लब रत्नाड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यूथ क्लब भड़ेच उपविजेता रहा। महिला वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला मंडल हिमरी कडैल प्रथम और मातृभूमि महिला मंडल भड़ेच द्वितीय स्थान पर रहा। 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में आदित्य शर्मा ने प्रथम और मोक्ष शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में अक्षित शर्मा प्रथम और सांशुभ शर्मा द्वितीय रहे। महिला वर्ग की म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में अनुलता शर्मा विजेता रहीं। जूनियर वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिता में संजीव ने प्रथम और सुशील ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिता में पार्थ शर्मा प्रथम और विनायक शर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेंद्र शर्मा, जीत राम शर्मा, विक्रम चौहान, बालनंद शर्मा और देवकी नंद शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। मुख्य अतिथि प्रकाश शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखती हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को नियमित रूप से अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन खेल भावना, अनुशासन एवं नशामुक्ति के संदेश के साथ किया गया।