नित्थर (कुल्लू)। देहरा पंचायत के मोइन गांव में देवता साहिब रखाऊ नाग के सानिध्य में दीपावली पर्व मनाया। इस अवसर पर जय मशाण देवता यूथ क्लब ने खेलकूद प्रतियोगिता करवाई। क्लब ने महिला रस्साकशी, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता, घड़ा फोड़ और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता करवाई। महिला रस्साकशी में महिला मंडल मोइन ने पहला स्थान हासिल किया। महिला मंडल गोथना दूसरे स्थान पर रही। महिला सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला मंडल गोथना ने विजेता का खिताब प्राप्त किया। महिला मंडल मोइन उपविजेता रही। कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में निशा चौहान ने बाजी मारी। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया। समापन समारोह में पटेल इंजीनियरिंग लूहरी हाइड्रो परियोजना के मेकेनिकल मैनेजर सुभाष शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर सुरेंद्र भंडारी और वीर बहादुर सहित अन्य मौजूद रहे।