लिंगती गांव में 13 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक एवं महिला मंडल भवन की आधारशि
विधायक अनुराधा ने रखी आधारशिला, निर्माण पर खर्च होंगे 13 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा(लाहौल् स्पीति)। विधायक अनुराधा राणा ने बुधवार को लालूंग पंचायत के लिंगती गांव में सामुदायिक एवं महिला मंडल भवन की आधारशिला रखी। इस भवन के निर्माण में 13 लाख रुपये की लागत आएगी। ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि इस भवन में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस भवन के बनकर तैयार होने पर लिंगती महिला मंडल सहित ग्रामवासियों को गांव में आयोजित होने वाले विभिन्न बैठकों, गतिविधियों, समारोहों व अन्य कार्यक्रमों को आयोजित करने में सुविधा मिलेगी। इसके बाद विधायक ने गांव रामा में 10 लाख रुपये की लागत से बने आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया। विधायक ने लिंगती, रामा, लालूंग, तंगती गोगमा, तंगती योगमा, बर, सेलिंग, गुलिंग और कुंगरी गोंपा में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। क्षेत्र के लोगों ने उनके समक्ष सामूहिक तथा व्यक्तिगत समस्याएं रखीं, जिनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया और शेष समस्याओं के निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की ओर से प्राप्त होने वाली समस्याओं का समय पर निपटारा करना सुनिश्चित करें, ताकि क्षेत्र के लोगों को समस्याओं का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर टीएसी सदस्य छेवांग रिंजिन और सन्नी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे छेरिंग, खंड विकास अधिकारी अंशुल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग मनोज नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।