बशला में नवनिर्मित महासू देवता मंदिर। संवाद
11 और 12 जुलाई को होगी प्राण प्रतिष्ठा, 12 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना
11 जुलाई को मेहमान देवताओं और खूंदों का किया जाएगा पारंपरिक स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल रोहड़ू की बशला पंचायत में नवनिर्मित महासू देवता मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 11 और 12 जुलाई को होगा। इस आयोजन में क्षेत्र समेत बाहरी इलाकों से करीब 12 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर का निर्माण काष्ठकुणी शैली में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हुआ है। 11 जुलाई को मेहमान देवताओं और विभिन्न खूंदों का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। शाम को विशेष पूजा-अर्चना और देव परंपरा के अनुसार धार्मिक रस्में संपन्न होंगी। 12 जुलाई को मंदिर की शिखा पूजन होगी। इसके साथ प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न करवाया जाएगा। मंदिर कमेटी के मोतमीन बालकृष्ण मेहता ने बताया कि काष्ठकुणी शैली में निर्मित इस भव्य मंदिर के निर्माण में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। मंदिर निर्माण में बशला गांव के लोगों के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों के श्रद्धालुओं और दानदाताओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेजबान देवता महासू बशला के निमंत्रण पर मंडलगढ़ गौड़ी के आराध्य देवता बौंद्रा महाराज, डोरिया महासू देवता महाराज हनोल, परशुराम बटाड़ी सहित विभिन्न खूंदों के प्रतिनिधि और श्रद्धालु भाग लेंगे। बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था ग्रामीण अपने-अपने घरों में करेंगे। 12 जुलाई को मंदिर कमेटी की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बशला पंचायत के प्रधान वनीत मेहता ने बताया कि एसडीएम धर्मेश रामोत्रा की अध्यक्षता में बैठक हुई है। इसमें कानून एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। संबंधित विभागों को बिजली, पेयजल, यातायात और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।