संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर) । महासू भाजपा के जिलाध्यक्ष अरुण फाल्टा ने केंद्र सरकार के पेश किए बजट की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा गया है। बजट में कृषि और किसानों के कल्याण पर ध्यान दिया है। इस बजट में मध्यम वर्ग को बहुत बड़ी सौगात दी है। गरीब वर्ग, महिलाओं और युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। फाल्टा ने कहा कि केंद्रीय बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी सौगात मिली है। कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि 12 लाख तक टैक्स में छूट दी जाएगी। यह छूट मध्यम वर्ग की वित्तीय खुशहाली बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगी। बजट में केंद्र सरकार ने कर प्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी और कर प्रणाली सरल और प्रभावी होगी। फाल्टा ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट किसानों के लिए सौगात लेकर आया है। किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी है। इससे किसानों को अधिक वित्तीय सहायता के साथ-साथ आर्थिक मजबूती भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि बजट में महिलाओं, किसानों और युवाओं के विकास को प्राथमिकता दी गई है।