चौपाल (रोहड़ू) । उपमंडल की ननाहर पंचायत के शापड़ा गांव के माता कड़ासन मंदिर में 26 मई को शांत महायज्ञ और कुरुड़ स्थापना कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। महाकाली दियुंदर के सानिध्य में होने वाले धार्मिक अनुष्ठान की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र से सैकड़ों लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस धार्मिक अनुष्ठान में जोड़ना से शिरगुल महाराज देवी माता जलशर, देवता रिहाटना और देवता डूम की पालकियां भी शामिल होंगी। हजारों वर्ष पुराने मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य पिछले वर्ष आरंभ किया गया था। इस साल निर्माण का काम अब पूरा हो गया है। वीरवार को माता कड़ासन की पालकी स्नान के लिए नगरकोट जिला कांगड़ा के लिए प्रस्थान कर चुकी हैं। वहां से पालकी अब 26 मई को वापस शापड़ा पहुंचेगी। उसके बाद धार्मिक अनुष्ठान शांत महायज्ञ और कुरुड़ स्थापना कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कुरूड़ स्थापना के दौरान नवनिर्मित मंदिर की प्रतिष्ठा की जाती है। मंदिर के वजीर रमेश कीमटा ने कहा कि कुरुड़ को मंदिर तक स्थानीय लोगों की ओर से पहुंचाया जाएगा और सभी श्रद्धालुओं के लिए सभी बरबिशी गण की ओर से लंगर की भी व्यवस्था की गई है। संवाद