. समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक उत्सवों की दिखेगी झलक
. खेल महोत्सव भी सजेगा, क्रिकेट विजेता को तीन लाख
. महिला रस्साकशी को मिलेगी एक लाख इनामी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। मां भीमाकाली दशहरा महोत्सव का आयोजन 4 अक्तूबर को नलाटी स्टेडियम सराहन में किया जाएगा। हिमालयन क्लीन ने इस भव्य कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। महोत्सव में क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सहभागिता की झलक देखने को मिलेगी। महोत्सव के दौरान विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। इसमें विजेता टीम को तीन लाख रुपये और उपविजेता को एक लाख, 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विजेता को 51 हजार और उपविजेता को 21 हजार रुपये मिलेंगे। महिलाओं के लिए भी विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। महिला मंडलों की रस्साकशी प्रतियोगिता में विजेता को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा मैराथन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजन कमेटी के अध्यक्ष मानस गुलाटी ने कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ सराहन पंचायत के प्रधान सोहन पांटु और उनके सहयोगियों की ओर से किया जाएगा। सराहन जोन की अन्य पंचायतों के प्रधान समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक उत्सवों को बढ़ावा देना है। नलाटी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, महिला मंडलों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर नशामुक्त समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।