रामपुर बुशहर। एसजेवीएन फाउंडेशन के सौजन्य से लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 के अंतर्गत निगमित सामाजिक दायित्व का निवर्हन करते हुए परियोजना प्रभावित महिलाओं को अचार बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 2 महीने तक चला। प्रशिक्षण हिमकॉन शिमला की ओर से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत करवाया गया। हिमकॉन के चेयरमैन विकेश चौहान गिन्नी ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। इस प्रशिक्षण में प्रभावित पंचायतों की 25 महिलाओं को अचार बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान स्टाइपेंड भी दिया गया। विकेश चौहान ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण वर्तमान में परियोजना प्रभावित पंचायतों की महिलाओं के लिए आयोजित किए जा रहे हैं। जल्द ही अन्य ग्रामीणों के लिए भी प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। जिन महिलाओं ने दो माह में आचार बनाने की विभिन्न विधियों को यहां पर सीखा है, उसके माध्यम से वे अब भविष्य में अपना व्यवसाय शुरू कर सकती हैं और सशक्त बन सकती हैं। घर बैठे भी आजीविका का साधन सृजित कर आर्थिकी को मजबूत कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सुन्नी में भी इस तरह का एक प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। प्रभावित पंचायतों की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।