सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले की ग्राम पंचायत यूला में तीन महीने से रसोई गैस सिलिंडर उपलब्ध न होने से लोग परेशान है। ग्रामीणों को 23 किलोमीटर दूर टापरी गैस एजेेंसी से रसोई गैस सिलिंडर लाने पड़ रहे हैं। गांव के लोग जंगलों से लकड़ी लाकर खाना बनाने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
गामीणों ने समस्या को लेकर कई बार शिकायत की लेकिन समाधान नहीं हो पाया। इससे ग्रामीणों में जिला प्रशासन और गैस एजेंसी के प्रति काफी रोष है। ग्राम पंचायत यूला के प्रधान अंजूूू कुमारी नेगी, ग्राम विकास सोसायटी यूला के सचिव रामकृष्ण नेगी, उपप्रधान राकेश कुमार नेगी, महिला मंडल अध्यक्ष यूला चंद्र प्रभा नेगी, ज्ञान देवी नेगी और कमला देवी ने बताया कि रसोई गैस सिलिंडर गांव में नहीं पहुंच रहे हैं।
यूला गांव में 9 फरवरी के बाद आज तक ग्रामीणों को गैस सिलिंडर नहीं मिला है। इससे पहले यूला गांव में गैस एजेंसी टापरी से हर महीने 10 तारीख काे सप्लाई आती थी। जिला प्रशासन और गैस एजेंसी टापरी की लापरवाई से गांव में रसोई गैस की कमी से जूझना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द रसोईगैस सिलिंडर की गाड़ी को युला गांव में भेजा जाएं। अगर समय पर रसोई गैस सिलिंडर ग्रामीणों को नहीं दिए गए तो उग्र आंदोलन करना पड़ेगा। उधर, एसडीएम भावानगर विमला वर्मा ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं मिली है।
अगर यूला गांव में रसोई गैस सिलिंडर लोगों को उपलब्ध नहीं हो रहे हैं तो कदम उठाए जाएंगे। गांव में गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जाएगी ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। संवाद