रामपुर कॉलेज सभागार में पहले चरण का प्रशिक्षण शिविर आयोजित
मतदान के लिए ईवीएम मशीन और वीवीपेट मशीन की सिखाई बारीकियां
एक हजार पीठासीन अधिकारियों को सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। आगामी लोकसभा चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए शुक्रवार को चुनावी कर्मियों को टिप्स दिए गए। मतदान के लिए प्रयोग होने वाली ईवीएम और वीवीपेट मशीन को लेकर विस्तार से बारीकियां सिखाई गईं। शुक्रवार को आगामी लोकसभा चुनाव प्रक्रिया में तैनात सेक्टर अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास करवाया गया। पीजी कॉलेज रामपुर के सभागार में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर निशांत तोमर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। प्रशिक्षण शिविर में करीब एक हजार चुनावी कर्मियों को सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न करवाने के टिप्स दिए गए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी रामपुर ने बताया कि प्रशिक्षण में आगामी एक जून को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तैनात सेक्टर अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों और मतदान कर्मचारियों को निर्वाचान सामग्री, ईवीएम मशीन, वीवीपेट, मॉक पोल, राजनीतिक पार्टियों के पोलिंग एजेट के रोल और हस्ताक्षर, मतदान केंद्र में पहुंचने का समय, मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में लगी प्रचार सामग्री, राजनेताओं के पोस्टर को हटाने, मतदान केंद्र में मोबाइल फोन साथ न रखने, मतदान के समय वोटिंग मशीन और वीवीपेट को स्थापित करने, ईवीएम कंट्रोल यूनिट को सील करने के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि दूसरा प्रशिक्षण शिविर 22 मई को आयोजित होगा। इलेक्शन कानूनगो देविंद्र सिंह ने चुनाव में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ईवीएम मशीन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी और कर्मचारियों को मतदान के दिन ईवीएम में कोई भी समास्या आए तो निर्वाचन विभाग से तुरंत संपर्क करें और अपने स्तर पर मशीन से कोई छेड़छाड़ न करें। प्रशिक्षण में सभी कर्मचारियों को स्वयं ईवीएम को चलाने दिया गया ताकि चुनाव के समय उन्हें कोई असुविधा न हो। इस मौके पर तहसीलदार रामपुर जय चंद, तहसीलदार ननखड़ी निखिलेश और नायब तहसीलदार सराहन प्रेम सिंह नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।
- संवाद