वीरवार शाम को मौसम ने बदले तेवर, ठंड का बड़ा प्रकोप
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर/आनी/निरमंड। प्रदेश में इस बार समय से पहले ही मौसम अपने तेवर बदल रहा है। वीरवार दोपहर बाद अचानक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई, वहीं निचले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। उपमंडल रामपुर की किन्नू पंचायत वीरवार को हल्की ओलावृष्टि हुई। हालांकि, इससे किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।उपमंडल मुख्यालय आनी से 30 किलोमीटर दूर 10280 फीट की ऊंचाई पर जलोड़ी जोत में वीरवार शाम को बर्फबारी हुई। इस बर्फबारी से यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा है। बात करें रामपुर और निरमंड उपमंडल की तो शाम चार बजे के बाद मौसम बदला और रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम में हुए बदलाव से ठंड पहले की अपेक्षा बढ़ गई है। बारिश बर्फबारी से समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। मौसम में अचानक हो रहे बदलाव से लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं। यदि मौसम यूं ही रहा तो समय से पहले ठंड और विकराल रूप धारण करेगी।
रामपुर की किन्नू पंचायत में वीरवार शाम को हुई ओलावृष्टि। स्रोत : जागरूक पाठक