. रामपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायाधीश किन्नौर की अदालत ने सुनाया फैसला
. वर्ष 2020 में आपसी रंजिश में शराब पिलाकर की थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
किन्नौर जिले के भावानगर उपमंडल में वर्ष 2020 में शराब पिलाकर हत्या करने के मामले में अदालत ने तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोषियों को 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। रामपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय किन्नौर की अदालत ने मंगलवार को हत्या के आरोप सिद्ध होने पर दोषी शशि कुमार पुत्र राजी राम, गांव काचे तहसील निचार जिला किन्नौर, टीकम सिंह पुत्र जय चंद, गांव काचे तहसील निचार जिला किन्नौर और राजू नेपाली पुत्र तिल बहादुर, गांव बिद्याबसीन जिला दैलिक नेपाल को उम्र कैद की सजा सुनाई। उपजिला न्यायवादी कमल चंदेल ने बताया कि यह मामला वर्ष 2020 का है। तीनों दोषियों ने एक व्यक्ति को पुरानी रंजिश के चलते शराब पीने के लिए कांचे गांव बुलाया। मृतक सुनील कुमार भी अपनी गाड़ी में काचे गांव पहुंचा और वहां आरोपी शशि कुमार की गाड़ी में बैठ गया। सुनील ने राजू नेपाली से पीने के लिए सिगरेट मांगी। राजू नेपाली ने मना किया, जिस पर उनकी आपस में बहसबाजी और हाथापाई हुई। दोनों शशि की गाड़ी से बाहर निकल गए। गुस्से में आकर शशि कुमार ने चाकू से सुनील कुमार की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और अन्य दो आरोपियों ने इस हत्या में आरोपी शशि का साथ दिया। थाना भावानगर में केस दर्ज हुआ। डीएसपी राजू ने जांच की। अदालत ने सभी तथ्यों को मद्देनजर रखते हुए और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद दोषी पाए जाने पर शशि कुमार, राजू नेपाली और टिकम राम को उम्रकैद और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। सरकार की ओर से मुकदमे की पैरवी जिला न्यायवादी एलएम शर्मा और उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने की।