फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: लोहे के किलबाड़ी और पाइप से पीटकर की थी हत्या, तीन दोषियों को आजीवन कारावास

विज्ञापन
विज्ञापन
रोहड़ू में राहुल हत्याकांड में दोषियों को अदालत ने 10-10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया
विज्ञापन

किराये के कमरे में शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय रोहड़ू ने सुनाया फैसला

संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहड़ू। रोहड़ू के बहुचर्चित राहुल हत्याकांड में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रोहड़ू अनिल कुमार की अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने नेपाल मूल के दोषी मोहन सिंह, गोपाल पुन्न और प्रकाश बहादुर को 10-10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। तीनों दोषी न्यायिक हिरासत में हैं। मामले की पैरवी उप जिला न्यायवादी सुचित्रा अग्रवाल ने की। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 19 फरवरी 2025 को रोहड़ू के मीट मार्केट के पास राम भवन के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतक की पहचान राहुल नेपाली के रूप में हुई थी। जांच में सामने आया कि राहुल, मोहन सिंह, गोपाल पुन्न और प्रकाश बहादुर के साथ राम भवन में किराये के एक कमरे में रहता था। 18 फरवरी की रात को चारों कमरे में शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। अभियोजन के अनुसार, आरोपियों ने राहुल पर लोहे की किलबाड़ी और पाइप से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे कमरे से घसीटकर बाहर लाया गया और कूड़े के ढेर के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस को कमरे के दरवाजे, दीवारों और फर्श पर खून के निशान मिले थे। मौके से खून से सनी किलबाड़ी, लोहे का पाइप, टूटे हुए दांत और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए थे। गोपाल पुन्न की निशानदेही पर खून से सना मफलर भी बरामद किया गया था। आईजीएमसी शिमला में हुए पोस्टमार्टम में राहुल की मौत का कारण सिर और चेहरे पर आई कई गंभीर चोटों के कारण सदमा और अत्यधिक रक्तस्राव पाया गया था। एफएसएल जुन्गा की रिपोर्ट में बरामद साक्ष्यों और आरोपियों से जुड़े नमूनों के डीएनए का मिलान मृतक राहुल के रक्त के नमूने से हुआ। मामले में अभियोजन पक्ष ने कुल 22 गवाह पेश किए। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि भले ही किसी गवाह ने आरोपियों को राहुल पर हमला करते हुए प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा, लेकिन परिस्थितिजन्य, चिकित्सकीय और फोरेंसिक साक्ष्यों की पूरी कड़ी आरोपियों की संलिप्तता साबित करती है। अदालत ने माना कि घटना के समय आरोपी और मृतक एक ही कमरे में मौजूद थे तथा किसी तीसरे व्यक्ति के हस्तक्षेप की संभावना नहीं थी। सजा के दौरान दोषियों के वकील ने दलील दी कि तीनों अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं और उनके बुजुर्ग माता-पिता भी उन पर निर्भर हैं, इसलिए उन्हें नरमी दी जाए। वहीं, सरकारी पक्ष ने अपराध को जघन्य बताते हुए किसी तरह की रियायत न देने की मांग की। अदालत ने कहा कि हत्या के मामले में आजीवन कारावास सामान्य नियम है, जबकि मृत्युदंड अपवाद है। रिकॉर्ड में यह मामला दुर्लभतम से दुर्लभ श्रेणी का नहीं पाया गया। इसके बाद तीनों दोषियों को सजा सुनाई गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें