पीजी कॉलेज मैदान में 11 से 14 नवंबर तक होगा रात्रि संध्या कार्यक्रमों का आयोजन।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। करीब तीन सौ वर्षों का इतिहास समेटे हुए रामपुर का अंतरराष्ट्रीय मेला 11 से 14 नवंबर तक रामपुर के पाटबंगला मैदान में आयोजित होगा। पूर्व के वर्षों में जहां मेले की सांस्कृतिक संध्याएं पद्म छात्र स्कूल में आयोजित होती रही हैं, वहीं इस वर्ष विधानसभा चुनाव के चलते सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन पीजी कॉलेज मैदान पाटबंगला में किया जाएगा।
रात्रि संध्याओं में कार्यक्रम पेश करने वाले कलाकारों के लिए मेला कमेटी द्वारा 30 अक्तूबर से दो नवंबर तक रामपुर में ऑडिशन होंगे। मेले के दौरान होने वाली चार सांस्कृतिक संध्याओं में तीसरी सांस्कृतिक संध्या नगर परिषद रामपुर द्वारा आयोजित करवाई जाएगी।
विधानसभा चुनाव के लिए पद्म छात्र स्कूल सभागार को स्ट्रांग रूम में तबदील किया गया है। इस कारण छात्र स्कूल में सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित नहीं हो पाएंगी। मेले के सफल आयोजन को लेकर बीते दिनों मेला कमेटी अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों को मेले के आयोजन संबंधी सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला कमेटी सचिव एवं एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि मेले के दौरान आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों का चयन ऑडिशन से होगा। रामपुर के बुशहर सदन में तीस अक्तूबर से दो नवंबर तक ऑडिशन प्रक्रिया चलेगी। उन्होंने सांस्कृतिक संध्याओं में भाग लेने वाले कलाकारों से ऑडिशन में भाग लेने की अपील की है।