विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत युवाओं को सीमांत क्षेत्र की ओर रवाना करते 17वीं वा
विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2026 द्वितीय चरण का हुआ शुभारंभ
. द्वितीय चरण में 63 प्रतिभागियों का दल हुआ रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। माई भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और आईटीबीपी के संयुक्त तत्वावधान में विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के द्वितीय चरण का शुभारंभ हो गया है। देशभर के 6 दलों में बंटे प्रतिभागी युवा सीमावर्ती 13 गांवों की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से रूबरू होंगे। बुधवार को 63 प्रतिभागियों का दल सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर रवाना हुए। द्वितीय चरण का शुभारंभ रिकांगपिओ से हुआ। प्रतिभागियों को 17 वीं वाहिनी आईटीबीपी के उप कमांडेंट वीरेंद्र सिंह और उप कमांडेंट सुखराज सिंह सिद्धू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सीमावर्ती गांवों के सामरिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सेवा और सामुदायिक विकास के दूत के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। गांवों के लिए रवाना होने से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने आईटीबीपी बेस कैंप रिकांगपिओ में तीन दिवसीय अनुकूलन प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान स्वास्थ्य, शारीरिक परीक्षण, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश, स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं की जानकारी, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कार्य करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और आईटीबीपी अधिकारियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए गए। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कार्य करने के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से तैयार करना था।