भूस्खलन की चपेट में आया हार्डवेयर स्टोर, लाखों का नुकसान
विज्ञापन
नेशनल हाईवे-पांच पर प्रभावित हुआ यातायात संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार रात को भारी बारिश हुई। बुधवार दोपहर करीब दो बजे रामपुर शहर से तीन किलोमीटर दूर डकोलढ़ में पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हुआ। जहां यह भूस्खलन हुआ। उस जगह के ठीक नीचे हार्डवेयर का स्टोर था, जिसमें लाखों रुपये का सामान रखा गया है। एकाएक हुए भूस्खलन की चपेट में आए स्टोर का सारा सामान बिखर गया और एनएच पर खड़ी तीन गाड़ियों पर स्टोर की छत और अन्य सामान आ गया। इससे तीनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग इस भूस्खलन को देखकर घबरा गए। स्टोर में रखा सामान सड़क पर बिखरने से काफी देर तक एनएच पर वाहनों की आवाजाही भी थम गई। गनीमत रही रही कि घटना के वक्त स्टोर और एनएच पर कोई व्यक्ति नहीं था। एनएच पर पार्क गाड़ियों को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है। तीनों वाहन भूस्खलन की चपेट में आए स्टोर की छत के नीचे दब गए हैं। भूस्खलन से स्टोर में रखे लाखों के सामान को क्षति पहुंची है।
रामपुर के डकोलढ़ में भूस्खलन की चपेट में आया हार्डवेर का स्टोर। संवाद