काजा के लादारचा मेले के समापन पर विजेता प्रतिभागी को सम्मानित करतीं उपायुक्त लाहौल स्पीति। संवा
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों और महिला मंडलों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य पेश किए
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा (लाहौल-स्पीति)।
राज्यस्तरीय तीन दिवसीय लादरचा मेले का बुधवार को विधिवत समापन हो गया। उपायुक्त किरण भड़ाना ने खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों और स्पीति के महिला मंडलों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हिमाचल और अन्य राज्यों के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने पहाड़ी, हिंदी, फिल्मी और हिमाचली गीतों की बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों के संरक्षण में मेले और त्योहारों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि प्राचीन परंपराओं को कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। राज्य में मनाए जाने वाले मेले और त्योहार इसी समृद्ध संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए लादरचा मेला समिति और स्थानीय लोगों को बधाई दी। भड़ाना ने बताया कि स्पीति के लादरचा मेले का अपना अलग महत्व है। इसमें स्पीति क्षेत्र के अलावा पूरे जिले और अन्य जिलों व राज्यों से लोग शामिल होते हैं। पर्यटक भी मेले में बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। उपायुक्त ने मेला समिति के सदस्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। राज्यस्तरीय लादरचा मेले के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से रैफल ड्रॉ आयोजित किया गया। इसमें उपायुक्त किरण भड़ाना, अतिरिक्त उपायुक्त शिखा सिमटिया और बच्चों ने टिकट खरीदारों की उपस्थिति में ड्रॉ निकाला। विजेताओं को इनाम भी दिए गए। इससे पहले लादरचा मेला समिति की अध्यक्ष एवं अतिरिक्त उपायुक्त स्पीति शिखा सिमटिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने किरण भड़ाना को शॉल, टोपी, स्मृति चिह्न और थंका भेंटकर सम्मानित किया।
काजा के लादारचा मेले के समापन पर विजेता प्रतिभागी को सम्मानित करतीं उपायुक्त लाहौल स्पीति। संवा