कुमारसैन एसडीएम कार्यालय में सदिर्याें को लेकर विभिन्न विभागों की तैयांरियों को लेकर बैठक की अ
विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एसडीएम ने ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। कुमारसैन उपमंडल में सर्दियों की तैयारियों को लेकर एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने सोमवार को विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। एसडीएम ने विभिन्न विभागों से तैयारियों को लेकर जानकारी ली। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बताया कि सर्दियों के मौसम में जिन क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हो जाती हैं, वहां लोक निर्माण विभाग समय रहते जेसीबी और अन्य मशीनरी तैयार रखे। बर्फ हटाने के के लिए लोक निर्माण विभाग विभागीय वाहन तैनात करे। जल शक्ति विभाग भी पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने का इंतजाम करे। बिजली की आपूर्ति सुचारु रखना बिजली बोर्ड का जिम्मा होगा। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाइयां, वाहन और राशन की व्यवस्था की जाए। टास्क फोर्स बनाकर व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक वस्तुओं जैसे राशन, गैस सिलिंडर और डीजल का भंडारण समय रहते सुनिश्चित कर लें। इसके अलावा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने जल शक्ति विभाग को बर्फबारी के दौरान पीने की पानी की व्यवस्था सुचारु रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। बर्फबारी के दौरान सबसे पहले अस्पताल जाने वाले रास्तों को खोलना प्राथमिकता रहेगी। आपातकालीन स्थिति में कंट्रोल रूम पर किसी भी आपदा की जानकारी दी जा सकती है।इस मौके पर सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।