ठियोग में कुलदीप राठौर का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप राठौर का सोमवार को ठियोग नगर के ऐतिहासिक नेहरू मैदान में नागरिक अभिनंदन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस, नगर परिषद और विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राठौर और उनके साथ आईं उनकी धर्मपत्नी तृप्ता राठौर का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस मौके पर राठौर ने ठियोग के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें ठियोग के बहादुर और निडर लोगों का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। वे हर पंचायत और गावों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें हल करने का प्रयास करेंगे। वह कांग्रेस की वरिष्ठ नेता विद्या स्टोक्स के शिष्य हैं और ईमानदारी के साथ अपना कार्य करेंगे। राठौर ने कहा कि कुर्पण खड्ड से बन रही बड़ी पेयजल योजनाएं, बाईपास और बस अड्डे सहित ठियोग में पूर्व कांग्रेस सरकार के शुरू किए कार्यों को उन्होंने युद्धस्तर पर पूरा करने का संकल्प लिया है। वह जीवन में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में लगाते रहे हैं और अब उन्हें जनता की सेवा का मौका मिला है, जो उनके लिए बेहतरीन अवसर है। राठौर ने कहा कि उनकी बागडोर राहुल गांधी और सोनिया गांधी के हाथ में है, वे जब जो उत्तरदायित्व सौंपेंगे, उसे निभाएंगे। अभी उन्हें विधायक का उत्तरदायित्व निभाने का निर्देश मिला है। कल कोई भी जिम्मेवारी उन्हें सौंपी जा सकती है। भाजपा सरकार के पांच सालों में ठियोग पिछड़ा रहा है। दिवंगत वीरभद्र और स्टोक्स के शुरू किए कार्य भी पूरे नहीं हुए। ठियोग-कुमारसैन के लिए उन्हें जो लड़ाई लड़नी पड़ेगी, लड़ेंगे। इससे पहले प्रदेश उपाध्यक्ष केहरसिंह खाची, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र कंवर, प्रदेश सचिव राजेंद्र वर्मा, जिलाध्यक्ष अतुल शर्मा और महासचिव रमेश हेटटा सहित अन्य पदाधिकारियों ने राठौर को बधाई दी। इस मौके पर तियाली, बलग, ननों और ददास सहित अन्य चायतों से आई महिलाओं ने भी कुलदीप राठौर और उनकी पत्नी का फूल की मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर जिप सदस्य राजेश कंवर, नगर परिषद अध्यक्ष विवेक थापर, उपाध्यक्ष रीना शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष यशोदा और प्रभारी सत्यजीत नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।