विजेता टीम को चार लाख रुपये की राशि दी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम रोहड़ू क्रिकेट क्रांति प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। समापन समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मंगलवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोहड़ू नाइट हाक्स टीम और नैक्स जैन शुराचली टीम के बीच हुआ। रोहड़ू की टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में पांच विकेट खोकर 114 रन बनाए। रोहड़ू की ओर से सुमित वर्मा ने 55, मयंक डागर ने 28 और वैभव कालटा ने 18 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शुराचली की टीम नौ ओवरों में 83 रन बनाकर ढेर हो गई। शुराचली की ओर से राहुल चौहान ने 29 रन बनाए। फाइनल के मैन ऑफ दा मैच मयंक डागर रहे। डागर ने मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक ली। तीसरे स्थान पर नावर लीजेंड्स की टीम रही। विजेता टीम को चार लाख रुपये की राशि ट्राॅफी सहित और उपविजेता टीम को दो लाख रुपये की राशि दी गई। मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार शुराचली टीम के राहुल चौहान को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का खिताब रोहड़ू टीम के अक्षय को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर शुराचली टीम के आर्या रहे। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी का खिताब रोहड़ू के वैभव कालटा को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रोहड़ू टीम के मयंक डागर रहे। क्रिकेट क्रांति के संयोजक रोनी चौहान ने बताया सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई है।