ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। रामपुर के 15/20 क्षेत्र की सरपारा पंचायत के वार्ड नंबर-एक में आग से एक रसोई घर और एक गोशाला जल गई। आग में झुलसने और जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। वीरवार दोपहर करीब 2 बजे राजेंद्र के रसोईघर और श्याम लाल की गोशाला में आग लग गई। घटना के समय परिवार के बड़े सदस्य घर से बाहर थे। घर में छोटे बच्चे ही थे। आग पहले रसोईघर में लगी। देखते ही देखते आग थोड़ी दूरी पर स्थित गोशाला में पहुंच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने में पूरा प्रयास किया और आसपास के घरों तक पहुंचने से रोका। वहीं, सड़क बंद होने से अग्निशमन विभाग का वाहन मौके तक नहीं पहुंच सकता था। सरपारा पंचायत प्रधान मोहन कपाटिया ने बताया आग को ग्रामीणों ने काबू कर लिया है। नुकसान का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को पटवारी के साथ स्वयं भी जा रहे हैं। वहां पहुंच कर और मौका देखने के बाद प्रभावितों को फौरी राहत दी जाएगी।