किन्नौर के शूटरों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कमाया नाम। संवाद
राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में छाए किन्नौर के शूटर
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। किन्नौर जिले के जिले के दो युवाओं ने राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पर निशाना साधा है। किन्नौर जिला राइफल एसोसिएशन से जुड़े युवा निशानेबाजों ने 12 से 15 जून तक धर्मशाला में आयोजित द्वितीय प्री-स्टेट हिमाचल प्रदेश स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। ये युवा बटसेरी गांव के रहने वाले हैं। प्रतियोगिता में वर्ग 10 मीटर एयर राइफल जूनियर बॉयज प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल रिकांगपिओ राइफल क्लब के खिलाड़ी आरुष लॉक्ट्स ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। इवेंट सब यूथ बॉयज़ में भी उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक और रजत पदक अपने नाम किया है। इसके अलावा ओम प्रकाश ने 10 मीटर पिस्टल पैरा चैंपियनशिप के युवा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपने माता-पिता, शिक्षक, कोच और किन्नौर जिले का गौरव बढ़ाया है। किन्नौर जिला राइफल एसोसिएशन और बयार शूटिंग क्लब ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।