राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए रिहाना नेगी अपने कोच एवं कला अध्यापक के साथ। संवाद
लकड़ी के खंभे पर लगाए सरिये के रिंग में किया अभ्यास
यंगपा-2 स्कूल की छात्रा को कला अध्यापक ने सिखाईं बारीकियां
19 से 23 दिसंबर तक मध्य प्रदेश में होने वाली प्रतियोगिता में लेगी भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। लकड़ी के पोल में अपने हुनर को तराशकर किन्नौर की बेटी रिहाना ने राष्ट्रीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में अपनी जगह बना ली है। माध्यमिक पाठशाला यंगपा-2 की छात्रा रिहाना नेगी का राष्ट्रीय बास्केटबॉल अंडर-14 छात्रा वर्ग के लिए चयन हुआ है। किन्नौर से राष्ट्रीय टीम में सिर्फ एक ही छात्रा का चयन हुआ है। विद्यालय में बास्केटबाल का कोर्ट तक उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद कला अध्यापक किरण बिष्ट ने दो साल तक खेल कोच की भूमिका निभाते हुए विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कोचिंग दी और सफलता हासिल की। एक लकड़ी खंभे के सहारे सरिये का रिंग बनाकर अस्थायी बास्केटबाल पोल तैयार किया गया और उसी पर अभ्यास करके रिहाना नेगी ने यह सफलता हासिल की। राज्य स्तर पर आयोजित अंडर-14 गर्ल्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिहाना नेगी ने बास्केटबाल के सभी प्रतिभागियों को कड़ी टक्कर दी और अपने दमदार खेल के आधार पर राष्ट्रीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई। अब रिहाना नेगी मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाली नेशनल बास्केटबाल अंडर-14 छात्रा वर्ग प्रतियोगिता में भाग लेंगी और हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी। 9 दिसंबर को बिलासपुर में कोचिंग के लिए जाएगी। 19 से 23 दिसंबर तक मध्य प्रदेश में अंडर-14 छात्रा हिमाचल टीम से खेलेगी। विद्यालय के मुख्य अध्यापक देव नेगी, विजय कुमार शास्त्री, अश्वनी कुमार, एसएमसी अध्यक्ष सरोज कुमारी, रीता कुमारी, मोहन नेगी, प्रतिभा नेगी, स्नेह लता ने बताया कि रिहाना नेगी की लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत इस सफलता की असली कुंजी हैं। विद्यालय और जिले में उत्साह का माहौल है और सभी को उम्मीद है कि रिहाना नेगी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेगी।