एनजेएचपीएस पावर हाउस का किया शैक्षणिक भ्रमण
रामपुर बुशहर।
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झाकड़ी के विद्यार्थियों ने एसजेवीएन की 1500 मेगावाट क्षमता वाली नाथपा-झाकड़ी जलविद्युत परियोजना (एनजेएचपीएस) के पावर हाउस का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जलविद्युत उत्पादन की प्रक्रिया को नजदीक से समझा और परियोजना में बिजली तैयार करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली आधुनिक तकनीक एवं मशीनों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के अध्यापक भी मौजूद रहे। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को पावर हाउस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार सतलुज नदी के पानी को सुरंगों के माध्यम से विद्युत गृह तक पहुंचाया जाता है और पानी के तेज बहाव से टरबाइनों को घुमाकर विद्युत ऊर्जा का उत्पादन किया जाता है। इसके अलावा टरबाइन, जनरेटर, नियंत्रण कक्ष और बिजली उत्पादन से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण प्रणालियों की कार्यप्रणाली से भी विद्यार्थियों को अवगत करवाया गया। विद्यार्थियों ने पावर हाउस में स्थापित विशाल मशीनों और आधुनिक तकनीकी उपकरणों को करीब से देखा। इस दौरान उन्होंने जलविद्युत उत्पादन से संबंधित विभिन्न सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। उन्हें बताया गया कि जलविद्युत परियोजनाएं देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का विशेष महत्व है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था, ताकि वे विज्ञान, तकनीक और ऊर्जा उत्पादन से जुड़े विषयों को वास्तविक परिस्थितियों में समझ सकें। इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में भविष्य की संभावनाओं को जानने का अवसर मिलता है। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाने के लिए एनजेएचपीएस परियोजना प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।