न्यू नोगली में क्रिकेट प्रतियोगिता का दौर जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। युवक मंडल मतरेवल की ओर से न्यू नोगली में ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है। सोमवार को आंबेडकर बॉयज कुमसू और क्रेजी बाॅयज खनेवली के मध्य पहला मैच खेला गया। इसमें खनेवली ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया। दूसरा मैच मंगलेश्वर इलेवन देवनगर और ब्लॉक डिपार्टमेंट रामपुर के बीच खेला गया। ब्लॉक डिपार्टमेंट ने 62 रन का लक्ष्य रखा। देवनगर टीम ने 6.2 ओवर में जीत हासिल की। तीसरा मुकाबला दत्तात्रेय बॉयज दत्तनगर और वीके बॉयज पाट के मध्य खेला गया। पाट ने पहले खेलते हुए 57 रन बनाए, जिसमें दत्तनगर की टीम ने 5.2 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। इसके अलावा चौथा मैच एलबीसी सोबली और महाकाल वॉरियर खनोटू के बीच खेला गया। सोबली की टीम ने पहले खेलते हुए 92 रन का लक्ष्य रखा। खनाेटू की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया। युवक मंडल के अध्यक्ष ईश्वर मेहता ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1,21,000 रुपये नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। उपविजेता टीम को क्लब 61 हजार की राशि और ट्रॉफी दी जाएगी। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का आकर्षक इनामों से पुरस्कृत किया जाएगा।