एचपीएसआईडीसी के निदेशक विकेश खनेरी अस्प्ताल के एमएस डा. अजय नेगी से मिलते हुए। संवाद
एचपीएसआईडीसी के निदेशक विकेश ने अस्पताल का किया निरीक्षण
कहा-ट्रामा सेंटर में जल्द स्थापित होगी लिफ्ट, अन्य काउंटर स्थापित कर मरीजों को मिलेगी सुविधा
अस्पताल की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे : विकेश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल के ट्रामा सेंटर में जल्द लिफ्ट स्थापित की जाएगी और ट्रामा सेंटर में रेंप बनाने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। सोमवार को एचपीएसआईडीसी के निदेशक एवं कांग्रेस जिला पूर्व महासचिव विकेश चौहान ने खनेरी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस मौके पर खनेरी अस्पताल के एमएस डाॅ. अजय नेगी भी मौजूद रहे। विकेश चौहान ने कहा कि खनेरी अस्पताल की समस्याओं को जल्द दूर किया जाएगा। ट्रामा सेंटर के बनने से यहां रिक्त पदों की संख्या बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पर्ची बनाने के लिए भी लंबी-लंबी कतारें लगी रहती हैं। जल्द ही ऑनलाइन पर्ची बनाने और अस्पताल में अन्य काउंटर लगाए जाएंगे, ताकि मरीजों को परेशानियां पेश न आए। रिक्त पदों को भरने के लिए मुख्यमंत्री से मांग उठाई जाएगी। ट्रामा सेंटर के लिए ऑपरेशन थिएटर का आवश्यक सामान अस्पताल पहुंच चुका है। अस्पताल के भीतर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 70 लाख की राशि जल शक्ति विभाग के पास जमा है, जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार गंभीर है। खनेरी अस्पताल के एमएस डॉ. अजय नेगी ने कहा कि अस्पताल में मरीजों की ओपीडी खासी रहती है। अस्पताल पर मरीजों का अधिक दबाव रहता है। विकेश चौहान ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों से भी बात की और अस्पताल की समस्याओं को दूर करने की बात कही है। इस मौके पर नीतिश भलूनी सहित अन्य मौजूद रहे।