रामपुर बुशहर। महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में वर्ष 2015 से शुरू हुए ट्रामा सेंटर का निर्माण कार्य में लोक निर्माण विभाग ने काम करना शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग को दावा है कि इसी साल अक्तूबर तक तैयार कर दिया जाएगा ताकि चार जिले के लोगों को आपातकालीन में तुरंत सेवाएं मिल सके।
पिछले पांच सालों में ट्रामा सेंटर का काम अधर में लटका था अब कांग्रेस सरकार बनने के बाद ट्रॉमा सेंटर निर्माण एक बार फिर से शुरू हो गया है। आपात स्थिति में अहम भूमिका अदा करने वाले ट्रॉमा सेंटर के निर्माण को लेकर दशकों से चार जिलों के लोग जो आस लगाए हुए थे उन्हें अब जल्द ट्रामा सेंटर की सुविधा मिलेगी। खनेरी अस्पताल में करीब 9.50 करोड़ रुपये की लागत से ट्रॉमा सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके बनने से प्रदेश के चार जिलों की हजारों की आबादी लाभान्वित होगी। सेंटर का निर्माण कार्य इन दिनों जोर-शोर से चल रहा है।
महात्मा गांधी अस्पताल में शिमला, कुल्लू, किन्नौर और मंडी के लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। दुर्घटना और आपात की स्थिति में जब मरीजों, घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया जाता है तो ट्रॉमा सेंटर न होने के कारण मरीजों को शिमला रेफर किया जाता है। घायलों को रामपुर से शिमला पहुंचने के लिए 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इस कारण गंभीर हालत में कई मरीज रास्ते में ही दम तोड़ चुके हैं। ऐसे में लोगों की मांग को देखते हुए पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर की आधारशिला रखी गई थी। डिजाइन और पूर्व भाजपा सरकार की अनदेखी के फेर में ट्रॉमा सेंटर भवन का निर्माण कार्य लटका रहा। हालांकि भवन निर्माण की तय सीमा को समाप्त हुए कई वर्ष गुजर चुके हैं। अब भवन निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। आपात स्थिति में शिमला और चंडीगढ़ रेफर किए जाने वाले मरीजों और घायलों को इससे काफी राहत मिलेगी।
भाजपा सरकार ने ट्रामा सेंटर को पिछले पांच सालों में अधर में लटका कर रखा था अब कांग्रेस की सरकार बनने के बाद ट्रामा सेंटर का कार्य शुरू हो गया है अब क्षेत्र के लोगों को इस ट्रामा सेंटर का लाभ मिलेगा।
सतीश वर्मा, अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस रामपुर
ट्रॉमा सेंटर को अक्तूबर तक तैयार कर दिया जाएगा। बहुमंजिला भवन पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं। अब पौने दो करोड़ रुपये का टेंडर लगाने के बाद काम शुरू कर दिया हैै।
रजनीश बेहल, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग रामपुर