संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर(किन्नौर)। निचार उपमंडल के कटगांव पंचायत के विभिन्न गांवों में वीरवार को 100 दिन विशेष जागरुकता शिविर लगाए गए। शिविरों का आयोजन भारत सरकार के महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग की मिशन शक्ति योजना के तहत किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी किन्नौर संजोक सिंह मेहता ने बताया कि योजना के तहत जिला के विभिन्न गांव में जागरुकता शिविर लगाए गए। लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की महिलाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया। इस दौरान महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई। शिविर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर और सरकार के हेल्पलाइन नंबर के बारे में जानकारी प्रदान की गई। महिला सशक्तिकरण के लिए आरंभ की गई प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मदर टेरेसा, असहाय मातृ संबल योजना, बेटी है अनमोल और विधवा पुनर्विवाह योजनाओं सहित अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस विभाग ने महिलाओं को यौन उत्पीड़न के मामलों पर भी विस्तृत जानकारी दी।