3 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा कारगिल शहीदी दिवस
शहीद के परिवार सहित क्षेत्र के विभिन्न सैनिकों को किया जाएगा सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)।
बंकर में घुसकर घुसपैठियों को मार गिराने वाले शहीद डोला राम की शहादत को 3 जुलाई को आउटर सिराज में लोग सलाम करेंगे। कारगिल शहीद डोला राम का शहीदी दिवस 3 जुलाई को नित्थर में मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शहीद डोला राम मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नित्थर में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता शहीद डोला राम मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नित्थर के कार्यकारी प्रधानाचार्य देवेंद्र वर्मा ने की। पूर्व सैनिक बेली राम, हीरा सिंह कटोच और प्रेम ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। शिक्षक राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि 3 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान बंकर में घुसकर 17 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराकर शहीद हुए आनी विधानसभा क्षेत्र के नित्थर के शहीद डोला राम की शहादत को सलाम करने को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने को लेकर कमेटी का गठन किया गया।शहीदी दिवस पर नित्थर सहित आसपास के स्कूलों के बच्चों के देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता पाठ सहित कई अन्य गतिविधियां आयोजित होंगी। शहीद के परिवार सहित क्षेत्र के विभिन्न सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा।