रामपुर बुशहर/सांगला (किन्नौर)। चीन सीमा को जोड़ने वाली कड़छम से छितकुल सड़क शनिवार शाम को भूस्खलन से बंद हो गई है। कड़छम से करीब साढ़े 12 किलोमीटर दूर रुतुरंग में दोपहर बाद पहाड़ी से भारी भरकम चट्टानें सड़क पर गिर गईं। इस कारण देश को चीन सीमा को जोड़ने वाली वाली कड़छम-सांगला-छितकुल सड़क अवरुद्ध हो गई। यातायात ठप होने से ग्रामीणों को आवाजाही के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने मार्ग को खोलने की कवायद शुरू कर दी है। देर रात तक मार्ग को खोलने का काम चलता रहा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर ने इस सड़क पर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।