फाइनल में काशा इलेवन को दी शिकस्त, ग्रामीण स्तरीय प्रतियोगिता में 32 टीमों ने लिया भाग
विजेता टीम को 88,888 रुपये और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
मैन ऑफ द सीरीज पवन संगराह चुने गए
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर के दुर्गम क्षेत्र दरकाली में क्रिकेट प्रीमियर लीग का समापन हो गया। दरकाली क्रिकेट प्रीमियर लीग में कराली टाइगर ने विजेता खिताब अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में काशा इलेवन को कराली ने रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी। ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में क्षेत्र की 32 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम को 88,888 रुपये और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। उप विजेता टीम को 44,444 रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द सीरीज पवन संगराह चुने गए। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कराली टाइगर और काशा इलेवन के बीच हुआ। दोनों टीमों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में काशा इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। काशा इलेवन के शुरुआती बल्लेबाजों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत टीम ने 10 ओवर में अपनी प्रतिद्वंदी टीम के समक्ष 106 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कराली टाइगर की टीम को शुरुआत में झटका लगा, लेकिन फर्स्ट डाउन बल्लेबाजी करने आए विकास ने ताबड़तोड़ चौके-छक्के लगाए। कराली टाइगर की टीम ने 9वें ओवर में ही खेल खत्म कर विजेता ट्राॅफी को अपने कब्जे में ले लिया। प्रतियोगिता के समापन पर दरकाली पंचायत के पूर्व प्रधान गुलजारी लाल सानी और पूर्व उप प्रधान नींजूराम ने विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेलों का आयोजन होता रहना चाहिए। खेलों से युवाओं में आपसी भाईचारा और खेल प्रदर्शन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होता है। युवा नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहते हैं। इस मौके पर मोहन सानी, भवानी सिंह, युवक मंडल दरकाली सैनिक बदरेल, उप प्रधान राजेश बदरेल, सचिव साहिल पाकला, कोषाध्यक्ष साहिल ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।