सराहन में खंड स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन आज
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। सराहन के नलाटी स्टेडियम सराहन में खंड स्तरीय अंडर-14 छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन खो-खो छात्र वर्ग में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काओबील विजेता बना, वहीं छात्रा वर्ग में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गानवी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। कबड्डी छात्रा वर्ग में जेपीएस झाकड़ी विजेता बन गया है। योग में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्यूरी ने प्रथम स्थान हासिल किया है। छात्र वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में ज्यूरी ने प्रथम और एकल गान में जेपीएस झाकड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। समूहगान में एसपीएस झाकड़ी प्रथम, एकांकी में एसपीएस झाकड़ी प्रथम और लोकनृत्य में एसपीएस झाकड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिक्षा खंड सराहन के खेल प्रभारी सुनील दत्त नेगी ने बताया कई प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले हो चुके हैं और बाकी के फाइनल मैच समापन से पहले पूर्ण होंगे। उन्होंने बताया कि प्राथमिक शिक्षा खंड सराहन के तहत आने वाले 17 स्कूलों के 521 छात्र और छात्राएं इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो और चेस की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता का समापन 10 सितंबर को होगा।