जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सभी को होना पड़ेगा एकजुट : प्रभाकर
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
जनहित संघर्ष मोर्चा आनी विधानसभा क्षेत्र की आम बैठक 25 सितंबर को विश्राम गृह आनी से होगी। बैठक में क्षेत्र के जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही मोर्चे की आगामी रणनीति और कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। यह जानकारी मोर्चे के संस्थापक पदम प्रभाकर ने दी। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से बैठक में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। पदम प्रभाकर ने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदलने, लोगों को बेहतर जन सेवाएं और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए समाज के जागरूक लोगों का एकजुट होना जरूरी है। मोर्चा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए कार्य करेगा। आम बैठक में मोर्चे की बेहतरीन और सक्रिय कमेटी के गठन को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा मोर्चे की ओर से उठाई जा रही पांच सूत्री मांगों की समीक्षा की जाएगी और इन मांगों को लेकर आगामी रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि मोर्चा का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि आनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के अधिकारों, सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से बैठक में शामिल होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।