कोटखाई बाजार में लगा वाहनों का जाम
सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों से हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई बाजार में वाहनों के जाम से स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाम का मुख्य कारण कोटखाई अस्पताल से पुराना बस अड्डा तक सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन और कोटखाई बाजार होकर पिकअप गाड़ी की आवाजाही है। कोटखाई बाजार में अस्पताल के पास, पंजाब नेशनल बैंक, कोटखाई चौक और पुराना बस अड्डा के पास जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यहां सड़क के दोनों और बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े रहतेे हैं। इससे स्कूली बच्चों और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में भी मुश्किलें पेश आ रही है। स्थानीय निवासी लोकेंद्र चौहान, देवेंद्र थेप्टा, राकेश चौहान, देवराज, अंकित, नीरज ठाकुर, सुभाष चौहान ने बताया कि कोटखाई बाजार से पिकअप वाहनों की आवाजाही बंद होनी चाहिए। बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के चालान किया जाए। प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या से क्षेत्र की जनता को निजात दिलाएं। पुलिस थाना कोटखाई के प्रभारी अंकुश ठाकुर ने बताया कि सेब सीजन में सामान की लोडिंग के लिए पिकअप बाजार होकर आ रही है। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खडे होने वाले वाहनों के चालान काटे जाएंगे।