रोहड़ू।
चिड़गांव तहसील के खाबल–सिंदासली–जगतवानी सड़क पर बुसारी गांव के पास सड़क बंद होने का मामला अभी तक नहीं सुलझा है। सड़क बंद करने वाले बुसारी गांव के निवासी सुरवा सिंह ने आरोप लगाया है कि लोक निर्माण विभाग ने जबरन उसकी निजी भूमि खसरा नंबर 666 तथा 676 पर कब्जा कर कच्ची सड़क निकाल दी है, इसलिए उन्होंने अपनी निजी भूमि पर सड़क को बंद कर दिया है। सुरवा सिंह ने कहा कि सड़क का सर्वे किसी दूसरे स्थान से किया गया है। इसके बावजूद सड़क को साजिश के तहत उसकी निजी भूमि से होकर निकाला गया है। उन्होंने कहा कि मेरी भूमि की चार बार नाप-नपाई हो चुकी है। नाप-नपाई में भूमि मेरी निजी निकली है। उन्होंने कहा कि मैं किसी भी सूरत पर अपनी निजी भूमि पर सड़क नहीं ले जाने दूंगा। उन्होंने मांग की है कि जहां से सड़क का पुराना सर्वे किया गया है। वहीं, से सड़क को निकाला जाए। हालांकि, लोक निर्माण विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक विवाद नहीं सुलझा है।