आनी (कुल्लू)। आंगनबाड़ी सहायिका पदों के लिए साक्षात्कार अब 13 जनवरी को होंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी आनी की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार आंगनबाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में आंशिक संशोधन किया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार की तिथि 24 दिसंबर निर्धारित की गई थी, जिसमें अब बदलाव किया गया है। बाल विकास परियोजना अधिकारी इंद्र सिंह गर्ग ने बताया कि पलेही पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र खणी में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद के लिए केवल एक ही पात्र आवेदन पत्र प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार लगौटी पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र कुआ में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद के लिए केवल दो पात्र आवेदन पत्र ही प्राप्त हुए हैं। निर्धारित संख्या से कम आवेदन प्राप्त होने के कारण इन दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों में 24 दिसंबर को साक्षात्कार नहीं लिए जाएंगे। अब इन दोनों पदों के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 9 जनवरी 2026 कर दी गई है, जबकि साक्षात्कार की नई तिथि 13 जनवरी निर्धारित की गई है। यह संशोधन केवल पलेही पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र खणी और लगौटी पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र कुआ में आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों के लिए लागू होगा।