संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के उपलक्ष्य पर पीजी कॉलेज रामपुर के विद्यार्थियों ने किन्नौर जिले के प्रमुख एवं दुर्गम पर्यटन स्थल छितकुल का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने खुले में पड़े कूड़े-कचरे को एकत्रित कर स्वच्छ भारत का संदेश दिया। रामपुर महाविद्यालय के एमए भूगोल के विद्यार्थियों ने छितकुल में प्लास्टिक एकत्रित कर प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. जितेंद्र सानी ने इस उपलक्ष्य पर विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के बारे में जानकारी दी। छात्रों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने सभी से प्लास्टिक को नहीं कहें का संदेश दिया।