पिछले साल की अपेक्षा तीन गुना बिका अधिक दाम पर झूला
19 लाख में पिछले साल बिका था लवी मेला में लगने वाला झूला
डोम के लिए अभी तक किसी न नहीं लगाई बोली
नगर परिषद ने डाेम और कैनोपी के लिए बढ़ाई आवेदन की तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में 11 नवंबर से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन और नगर परिषद रामपुर ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पाटबंगला मैदान में सजने वाली दुकानों के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को 52 लाख 47 हजार में झूला नीलाम हुआ, जबकि डोम और कैनोपी के लिए अभी तक किसी ने बोली नहीं लगाई है। पिछले साल झूला 19 लाख में बिका था, लेकिन इस बार तीन गुना अधिक दाम पर झूला नीलाम हुआ है। इस वर्ष पहली बार डोम और झूले के ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया नगर परिषद ने शुरू की है। इस ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया की अंतिम तिथि तीन नवंबर देर शाम पांच बजे तक थी। नगर परिषद रामपुर के कार्यकारी अधिकारी बाबू राम नेगी ने बताया कि झूला और डोम का ऑनलाइन टेंडर सोमवार को देर शाम खोला गया। डोम के लिए अभी तक किसी ने बोली नहीं लगाई है। डोम और कैनोपी के लिए 7 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टेंडर कोई दिक्कत आती है, तो सात नंबर को ऑफलाइन बोली लगाने की भी व्यवस्था की जाएगी।