राजकीय महाविद्यालय सीमा में इंटर कॉलेज वॉलीबाल प्रतियोगिता आरंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय महाविद्यालय सीमा में इंटर कॉलेज वॉलीबाल (पुरुष) स्पर्धा शुरू हो गई है। मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा ने बुधवार को स्पर्धा का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 50 से अधिक महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में कांग्रेस मंडल रोहड़ू के अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ललिता रावत और कॉलेज स्टाफ ने अतिथियों का स्वागत किया। इंटर काॅलेज स्पर्धा का पहला मैच हरिपुर मनाली कॉलेज और झंडूता कॉलेज के मध्य खेला गया। इसमें हरिपुर मनाली ने झंडूता को 3 - 0 से पराजित किया। प्रतियोगिता का दूसरा मैच बासा काॅलेज और नाहन काॅलेज के मध्य खेल गया। इसमें बासा काॅलेज ने नाहन को 3 - 0 से पराजित किया। तीसरा मैच ठियोग काॅलेज और जयसिंहपुर काॅलेज के मध्य हुआ, जिसमें ठियोग ने 3-1 से विजय प्राप्त की। चौथा मैच सरस्वतीनगर काॅलेज व राजपुर काॅलेज के मध्य खेला गया, जिसमें सरस्वतीनगर कालेज ने 3-0 से जीत हासिल की। इस अवसर पर सीपीएस मोहन लाल ब्राक्टा ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए एक लाख रुपये और महाविद्यालय ऑडिटोरियम के रख-रखाव और मरम्मत के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। महाविद्यालय की पीटीए ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 21,000 रुपये और ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने 21,000 रुपये का सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिता के समन्वयक डॉ. राय सिंह नेगी, आयोजन सचिव डॉ. दिग्विजय सिंह ने प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी दी। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।