राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने एकलव्य आवासीय स्कूल निचार का किया निरीक्षण
विज्ञापन
. मंत्री ने निचार और रूपी पंचायत के ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी संवाद न्यूज एजेंसी रिकांगपिओ (किन्नौर)। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने रविवार को निचार उपमंडल के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निचार का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के अध्यापकों के साथ बैठक की। मंत्री जगत सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विद्यालय में निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए और जल शक्ति विभाग को सीवरेज प्रणाली को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय के आवास में रह रहे बच्चों से सीधा संवाद किया। उन्हें मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। मंत्री ने विद्यार्थियों से उन्हें मिल रहीं सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए सुझाव भी मांगे। इस अवसर पर एकलव्य विद्यालय की प्रधानाचार्य गीतांजलि भूषण ने मंत्री को विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी और विद्यालय की समस्याओं से भी अवगत करवाया। इसके उपरांत राजस्व मंत्री ने बारो और निचार पंचायत के स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। साथ ही पुलिस के अधिकारियों को शाम के समय हुड़दंगियों पर शिकंजा कसने को कहा। साथ ही नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री जगत सिंह नेगी ने पलींगी के समीप बन रहे वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को उसे समयबद्ध सीमा में पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए ताकि जनजातीय जिला किन्नौर के लोगों को राहत मिल सके। मंत्री ने निगुलसरी सराय भवन में दुर्गम रूपी पंचायत के लोगों से भेंट की और लोगों ने राजस्व मंत्री का शिगारचा को नई पंचायत बनाने के लिए आभार व्यक्त किया, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी। इस मौके पर डीएसपी राज कुमार, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अभिषेक शर्मा, निचार कांग्रेस अध्यक्ष बीर सिंह नेगी, प्रधान उरनी पंचायत अनिल नेगी, मनोज नेगी, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. कुलदीप सिंह डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण गौतम, उपनिदेशक उद्यान डॉ. शमशेर सिंह ढेहरु सहित अन्य मौजूद रहे।
निचार पहुंचने पर लोगों की समस्याएं सुनते मंत्री जगत सिंह नेगी। स्रोत : डीपीआरओ