चौपाल (रोहड़ू)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव कुमार गांधी ने फेडिज पुल एवं हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पोस्ट बैरियर और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल के भवन में बने मतगणना केंद्र और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने निगरानी दल एवं अन्य टीमों को अवैध शराब, नकदी और अन्य सामग्री के परिवहन को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगी टीमों को 24 घंटे मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौपाल क्षेत्र के कई पोलिंग बूथों का भी निरीक्षण किया । एआरओ को मतदान केंद्रों में मतदाताओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अन्य राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों की जांच करने को कहा। इस अवसर पर एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा, तहसीलदार निर्वाचन राजेंद्र शर्मा, निर्वाचन कानूनगो प्रेरणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।