रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा में नवाचार एवं भविष्योन्मुखी प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला शुरू हो गई है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रयोगशाला का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ललिता रावत ने किया। प्राचार्य डॉ. ललिता रावत ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य हो गई है। यह नई कंप्यूटर साइंस लैब विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, नवाचार की सोच और डिजिटल कौशल से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्र इस लैब का अधिकतम लाभ उठाकर अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य को और सुदृढ़ करेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।