कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कांगल पंचायत में क्लस्टर स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांगल के अलावा कोटीघाट, मौगड़ा और जंजैली पंचायत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से चलाई जा रही अपना परिवार सुखी परिवार योजना के संबंध में जानकारी साझा की। साथ ही पात्र परिवारों को योजना के तहत मिलने वाले लाभों और इसका लाभ प्राप्त करने से संबंधित आवश्यक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकार की योजनाओं की सही एवं समयबद्ध जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। जानकारी के अभाव में कई बार पात्र परिवार योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में क्लस्टर स्तर पर आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पंचायत प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करें और पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। कांगल पंचायत प्रधान सुमन शर्मा ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देना और पात्र परिवारों तक उनका लाभ पहुंचाना है।