चौपाल (रोहड़ू)। राजकीय हाई स्कूल कराटी की छात्रा मीनाषी शर्मा की सहायता के लिए उद्योगपति नरेश संघाइक आगे आए हैं। नरेश संघाइक ने ऐलान किया है कि 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई के लिए मीनाक्षी शर्मा के बैंक खाते में हर माह 500 रुपये जमा करेंगे। हिमाचल खो-खो टीम के कोच एवं कराटी स्कूल के शारीरिक शिक्षक सुनील ठाकुर ने कहा कि मीनाषी 6 दिसंबर को बरोटीवाला जाएगी। इसके बाद 16 दिसंबर से राजस्थान के केकड़ी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में हिमाचल टीम का प्रतिनिधित्व करेगी। गरीब परिवार से संबंध रखने वाली मीनाषी शर्मा थुंदल पंचायत के गांव चलौंथा की रहने वाली है। मीनाषी शर्मा पढ़ाई के साथ एक बेहतर खिलाड़ी भी हैं। हाल ही में मीनाषी शर्मा का चयन अंडर-14 राष्ट्र स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मीनाषी शर्मा ऐसे गांव और स्कूल से होकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंची हैं, जहां खेल का मैदान तक नहीं है। मीनाषी शर्मा ने जिस मैदान में खो-खो की बारीकियां सीखी हैं, वहां खो-खो की पूरी पिच तक नहीं बनती और न ही मैदान का आकार सही है। बीते रोज स्कूल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान मीनाषी शर्मा को स्कूल गौरव अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।